दिल्ली में घूमने के लिए कई जगहें हैं, लेकिन अगर आप पैरानॉर्मल कहानियों में दिलचस्पी रखते हैं, तो ये 5 भूतिया जगहें आपके लिए परफेक्ट हैं। आइए जानते हैं इनके रहस्यमयी किस्से।
अग्रसेन की बावली, कनॉट प्लेस
कनॉट प्लेस के मध्य में स्थित अग्रसेन की बावली एक तीन मंजिला स्टेप वेल है, जिसके निचले हिस्से में काले रंग का पानी भरा हुआ है। इस बावली से कई भूतिया कहानियां जुड़ी हैं। माना जाता है कि इस पानी में कूदकर कई लोगों ने आत्महत्या की है। कहा जाता है कि भूतिया शक्तियों के प्रभाव से लोग इस पानी को देखकर हिप्नोटाइज होकर अपनी जान दे देते थे। सूरज डूबने के बाद यहां एंट्री मना है। कई फ़िल्मों की शूटिंग भी यहां हो चुकी है, जैसे सुल्तान और पीके। नजदीकी मेट्रो स्टेशन बाराखंबा है।

ख़ूनी दरवाजा
दिल्ली की सबसे डरावनी जगहों में से एक, ख़ूनी दरवाजा का इतिहास सदियों से खून से जुड़ा हुआ है। कहा जाता है कि बारिश के मौसम में इस दरवाजे की छत से खून टपकता है और यहां लोगों के चीखने और रोने की आवाजें आती हैं। यहां तीन राजकुमारियों को बेरहमी से मार दिया गया था और अंग्रेजों ने कई लोगों को यहां मारा था। उनकी आत्माएं आज भी इस जगह पर भटकती हैं।

दिल्ली कैंटोनमेंट
दिल्ली कैंटोनमेंट को भी दिल्ली की सबसे भयानक और डरावनी जगहों में गिना जाता है। लोगों का कहना है कि जो भी यहां से गुजरता है, उसे सफेद साड़ी पहने एक औरत मिलती है जो लिफ्ट मांगती है। वह औरत गाड़ी के साथ तेज रफ्तार में चलती हुई दिखाई देती है और इस अनुभव से गुजरने वाले लोगों की हालत बेहद खराब हो जाती है।

संजय वन, साउथ दिल्ली
साउथ दिल्ली का संजय वन 10 वर्ग किमी में फैला हुआ है और यह भी भूतिया जगहों में शामिल है। इस वन के गार्ड ने बताया कि रात को एक बूढ़ी महिला के रोने की आवाज सुनाई देती है। कोई महिला गेट पीट रही हो, अचानक धक्का, जोरदार थप्पड़, गर्मी की रातों में कोहरे का दिखना जैसी घटनाएं यहां होती हैं। इसलिए शाम 7:00 बजे के बाद लोगों का आना मना है।

हाउस नंबर डब्ल्यू 3, ग्रेटर कैलाश
ग्रेटर कैलाश में स्थित हाउस नंबर डब्ल्यू 3 को भी डरावनी जगहों में शामिल किया जाता है। कहा जाता है कि यहां एक बूढ़े दंपत्ति ने आत्महत्या की थी और उनके शव पानी के टैंक में मिले थे। पड़ोसियों का कहना है कि उनकी आत्माओं ने इस घर को कभी नहीं छोड़ा। आज भी घर से रोने, फुसफुसाने और हंसी की आवाजें सुनाई देती हैं।

दिल्ली की ये 5 जगहें अपने भूतिया और रहस्यमयी कहानियों के लिए जानी जाती हैं। अगर आप भी ऐसी कहानियों में रुचि रखते हैं, तो एक बार इन जगहों की यात्रा जरूर करें, लेकिन सतर्कता और सावधानी के साथ।