दिल्ली NCR में जारी हुआ बारिश का अलर्ट, गाजियाबाद में बूंदाबांदी के बाद सुहावना हुआ मौसम

दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इसी बीच, मौसम विभाग ने बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है, जिससे गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिल सकती है।

गाजियाबाद में बारिश की बौछार

गाजियाबाद में शुक्रवार दोपहर बाद अचानक बादल छा गए और कई जगहों पर बूंदाबांदी हुई। मौसम का यह बदलाव तपती गर्मी के बीच लोगों के लिए राहत लेकर आया है।

20240614 1603281203925481690466922

दिल्ली में बारिश का अलर्ट

शुक्रवार सुबह से ही दिल्ली-एनसीआर में तेज धूप और लू ने जनजीवन को प्रभावित किया। दोपहर करीब दो बजे मौसम विभाग ने अगले दो घंटों के भीतर कई स्थानों पर बारिश का अलर्ट जारी किया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश हो सकती है।

तेज हवाएं और बारिश से बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग ने बताया कि बुद्धा जयंती पार्क, दिल्ली कैंट और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस अलर्ट के चलते कई इलाकों में बादल छा गए हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है।

तापमान का अनुमान

शुक्रवार को दिल्ली में हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। सुबह साढ़े आठ बजे न्यूनतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस और आर्द्रता 32% दर्ज की गई। मौसम विभाग ने लू चलने के साथ बादल छाए रहने और गरज के साथ छींटे पड़ने की भी संभावना जताई है।

आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज कुछ बदल सकता है और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। प्री-मॉनसून के आगमन से उत्तर भारत में ठंडी फुहारों की उम्मीद है।