दिल्ली-NCR में पिछले कुछ दिनों की राहत के बाद गर्मी ने एक बार फिर दस्तक दे दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले हफ्ते में राजधानी दिल्ली में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। सोमवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पार कर गया, जबकि न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था। सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 37 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई।
लू और सूखी गर्मी से मिलेगी थोड़ी राहत
IMD ने बताया कि हवा की मध्यम गति के कारण दिनभर लू की स्थिति बनी रहेगी। हालांकि, आर्द्रता का स्तर कम रहने से शुष्क गर्मी रहेगी, जिससे दिन में राहत मिल सकती है। रात का न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रह सकता है, जिससे रातें बेचैनी भरी हो सकती हैं।
मानसून से मिलेगी राहत
मौसम विभाग के अनुसार, इस महीने के अंत में मानसून के आगमन से दिल्लीवासियों को राहत मिल सकती है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसके अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।
मुंबई और आसपास भारी बारिश की संभावना
अरब सागर शाखा की दक्षिण-पश्चिम मॉनसून केरल, कर्नाटक, गोवा, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और कोंकण के क्षेत्रों में पहुंच चुका है। मुंबई और आसपास के इलाकों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। अब तक मुंबई के उपनगरीय इलाकों में 60 से 121 मिमी तक बारिश रिकॉर्ड की गई है।
तेलंगाना और अन्य राज्यों में भी बारिश के आसार
IMD के ताजा बुलेटिन के अनुसार, तेलंगाना में अगले तीन दिनों के दौरान बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। राज्य में हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान है।
गुजरात और अन्य क्षेत्रों में मानसून की प्रगति
IMD की नई सैटेलाइट इमेजरी से पता चलता है कि मॉनसून गुजरात के दक्षिणी हिस्से के करीब पहुंच चुका है और अगले दो दिनों में गुजरात में प्रवेश कर सकता है। महाराष्ट्र, तेलंगाना और दक्षिणी आंध्र प्रदेश के अधिकांश हिस्से में भी मॉनसूनी बारिश हो रही है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में भी बारिश की संभावना
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बंगाल की खाड़ी में मॉनसून अटका हुआ है, लेकिन IMD ने उम्मीद जताई है कि इस हफ्ते के अंत तक बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बारिश होने के आसार हैं।